शिवपुरी स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) कैंपस में सोमवार शाम बैडमिंटन खेलते समय एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) की मौत हो गई। 51 वर्षीय नरेंद्र कुमार कोर्ट में खेलते-खेलते अचानक गिर पड़े। साथी उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर राजकीय सम्मान के साथ उनके गृहग्राम सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) रवाना किया गया। जानकारी के अनुसार, ASI नरेंद्र कुमार (51) सोमवार शाम कैंपस में बैडमिंटन खेल रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और वे अचानक जमीन पर गिर पड़े। प्रारंभिक तौर पर उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। हालांकि, असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। कैंपस में दी गई अंतिम विदाई मंगलवार को शिवपुरी में पोस्टमार्टम कराने के बाद नरेंद्र कुमार का पार्थिव शरीर ITBP कैंपस लाया गया। यहां अधिकारियों, जवानों और कैंपस में रहने वाले परिवारों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। घटना के बाद से कैंपस में शोक का माहौल है। कल होगा अंतिम संस्कार श्रद्धांजलि के बाद पार्थिव शरीर को ITBP के जवानों द्वारा ससम्मान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के लिए रवाना किया गया। बुधवार को सहारनपुर में गार्ड ऑफ ऑनर और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


