सीहोर नगर में बिजली चोरी पकड़ने गई विद्युत वितरण कंपनी की टीम के सामने ही उपभोक्ता ने चालू लाइन में स्मार्ट मीटर तोड़ दिया। नाराज उपभोक्ता ने सर्विस लाइन भी खींचकर फेंक दी और अधिकारियों से अभद्रता की। कंपनी के अधिकारियों ने कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, विद्युत वितरण कंपनी शहर में लगातार स्मार्ट मीटर लगा रही है। इन मीटरों से छेड़छाड़ और बिजली चोरी की सटीक जानकारी कंपनी को मिल रही है। इसी आधार पर जोन-1 के एई अतुलेश सिंह अपनी टीम के साथ मंगलवार को कस्बा क्षेत्र स्थित जमशेद नगर पहुंचे थे। गुस्साए उपभोक्ता ने उखाड़कर फेंका मीटर टीम ने जाहिर नामक व्यक्ति के घर बिजली चोरी पकड़ी। चोरी पकड़े जाने पर वहां मौजूद जुनैद नामक व्यक्ति भड़क गया। उसने स्मार्ट मीटर में तोड़फोड़ कर उसे और सर्विस लाइन को उखाड़कर फेंक दिया। उसने अधिकारियों से कहा कि मीटर अभी उखाड़कर ले जाओ। पुलिस थाने पहुंचा मामला अधिकारियों ने समझाया कि आवेदन देने पर ही नियमानुसार मीटर हटाया जाएगा, लेकिन उपभोक्ता नहीं माना। इस घटना के बाद एई अतुलेश सिंह ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की लिखित सूचना दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


