पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयपुरा-2 पंचायत के पिछुलिया धाम में एक सड़क दुर्घटना में 12 वर्षीय छात्र सोनू कुमार की मौत हो गई। लुकुआ निवासी विश्वनाथ मोची का पुत्र सोनू चौथी कक्षा का छात्र था। यह घटना सेवरी पूजा के जल यात्रा जुलूस के दौरान हुई। जमुनियाडीह से जल लेने के लिए लोग पिछुलिया धाम आए हुए थे। इसी दौरान सोनू कुमार अपनी साइकिल लेने के लिए सड़क पार कर रहा था। उसी समय ग्राम कसमार के जितेंद्र साव का सीमेंट लदा पिकअप उसी रास्ते से गुजर रहा था। तेज रफ्तार होने के कारण पिकअप ने सोनू कुमार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सोनू कुमार बचपन से ही अपने नाना नरेश मोची के घर जमुनियाडीह में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह अपने पिता विश्वनाथ मोची के चार बेटों में सबसे बड़ा था। उसके पिता मजदूरी के लिए बाहर रहते हैं। घटनास्थल पर सोनू की मां और नाना अपने परिजनों के साथ पहुंचे। तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम भी मौके पर पहुंचे और घटना की गहनता से जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि दोषी चालक और पिकअप के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस को इस संबंध में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।


