झालावाड़ जिले के खानपुर में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कोटा जिले के कनवास थाना क्षेत्र के नालोदी गांव निवासी धनराज (23) के रूप में हुई है। खानपुर थाना प्रभारी वासुदेव सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटरू रोड पर अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धनराज को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से देशी, अंग्रेजी शराब और बीयर की करीब 50 पेटियां बरामद की गईं, जिनकी कीमत करीब एक लाख 90 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई और इस धंधे में कौन-कौन शामिल हैं। इस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह, रामरतन और मुकेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


