छिंदवाड़ा में प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 9 और 10 फरवरी की दरमियानी रात तहसीलदार, खनिज विभाग और शिवपुरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पेंच नदी के अलग-अलग घाटों पर दबिश दी। इस दौरान अवैध रेत से भरे 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए हैं। प्रशासन की इस सख्ती से घाटों पर देर रात तक हड़कंप मचा रहा। संयुक्त टीम ने पेंच नदी के फुटेरा, बिजौरी, लोहांगी और कपरवाड़ी घाट पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान निरीक्षक कंचन सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार तिवारी और आरक्षक सतेन्द्र बघेल शामिल रहे। जब्त किए गए वाहनों पर खनिज विभाग द्वारा आगे की कार्यवाही की जा रही है। सोनपुर में कुल बहेरा नदी से निकाल रहे रेत इधर, छिंदवाड़ा के सोनपुर क्षेत्र में भी अवैध रेत परिवहन की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। सोनपुर बस्ती के अंदर से बहने वाली कुल बहेरा नदी के कई घाटों से लगातार रेत निकाली जा रही है। बताया जा रहा है कि इनमें से कई घाट ऐसे हैं, जहां रेत उत्खनन की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए परिवहन धड़ल्ले से जारी है। रहवासियों ने की सख्ती की मांग स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे अवैध गतिविधियां बेखौफ चल रही हैं। प्रशासन की पेंच नदी के घाटों पर हुई कार्रवाई के बाद अब सोनपुर क्षेत्र में भी वैसी ही सख्ती की मांग तेज हो गई है।


