सरसो की आड़ में अवैध अफीम की खेती करने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अफीम के पौधे जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके से एक नाबालिग को भी डिटेन किया है। मांडल थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने कि लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत क्षेत्र के मेजा ग्राम पंचायत के कालू खेड़ा के समीप गाडरी खेड़ा मार्ग पर सरसो की खेती की आड में अवैध रूप से अफीम की खेती होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस जाप्ते के मौके पर पहुंची। वहीं मौके पर पटवारी से नक्शा नजरिया लिया गया। पुलिस टीम को करीब अफीम के 1500 पौधे सरसो की फसल के साथ उगाए हुए मिले। खेत पर फसल की रखवाली करता एक नाबालिग मिला। पूछताछ करने पर उसने अफीम की खेती की निगरानी की बात कबूल करते हुए बताया कि कब्जे की जमीन पर अवैध रूप से अफीम की खेती मेजा ग्राम निवासी राजू तेली के द्वारा करवाई जा रही है । एनडीपीएस एक्ट तहत मामला दर्ज थानाप्रभारी ने बताया कि जांच के लिए उच्च अधिकारियों और संबंधित विभाग को कार्रवाई की जानकारी दी गई। वहीं खेत से भी फसल के दो नमूने लिए गए हैं। नमूनों की जांच कराई जाएगी। इसके बाद खेत में लगे सभी पौधों को नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। थानाधिकारी ने बताया कि एक नाबालिग को डिटेन किया है जबकि पूछताछ कर मुख्य आरोपी राजेंद्र उर्फ राजू तेली मेजा निवासी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। नारकोटिक्स विभाग को जानकारी दी है। एनडीपीएस एक्ट तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी राजेंद्र उर्फ राजू तेली फरार है । पंचायती राज चुनाव के दौरान राजेंद्र उर्फ राजू तेली ने ग्राम सरपंच का चुनाव भी लड़ा था लेकिन हार गया था।


