सतना में हर्ष फायरिंग, 9 वर्षीय मासूम को लगी गोली:राइफल री-लोड करते वक्त हादसा, हालत गंभीर; जबलपुर रेफर

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में 9 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मैहर बाईपास स्थित रिया मैरिज गार्डन के पास हुई। आरोपी बाराती 12 बोर की राइफल से फायर कर रहा था, तभी री-लोडिंग के दौरान गोली चल गई और बच्चे के पेट में जा लगी। बच्चे की हालत नाजुक है और उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 12 बजे की है। यादव परिवार की बारात विवाह स्थल की ओर जा रही थी। इसी दौरान बाराती पक्ष के सनत नामक व्यक्ति ने 12 बोर की राइफल से हर्ष फायरिंग की। फायर करने के बाद जब वह बंदूक दोबारा लोड कर रहा था, तभी अचानक गोली चल गई। गोली पहले सड़क से टकराई और फिर पास खड़े लड़की पक्ष के 9 वर्षीय बच्चे शुभम पाल के पेट में जा लगी। हालत नाजुक, जबलपुर में इलाज जारी घायल शुभम को तुरंत सतना जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज चल रहा है, लेकिन हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। CCTV खंगाल रही पुलिस पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *