नमस्कार, ये है, इंदौर में आज की 10 बड़ी खबरें। अब आप रोज शाम 5 बजे एक ही जगह पर शहर की दिन भर की बड़ी खबरें पढ़ सकते हैं। कब क्या हुआ, इसकी सारी जानकारी यहां मिलेगी। राजनीति से लेकर हर दिन होने वाले बड़े इवेंट, हादसे, कार्यक्रम सबकुछ… 1. अकाउंटेंट बोली- पति स्मैक और गांजा बेचता है इंदौर के मल्हारगंज इलाके की एक महिला ने अपने पति को गांजा और स्मैक बेचने के आरोप में गिरफ्तार कराया है। सोमवार को महिला ने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह से फोन पर बताया कि उसका पति बुद्ध किरण भिड़े कॉलेज और हॉस्टल के छात्र-छात्राओं को नशे का सामान सप्लाई करता है। महिला ने मादक पदार्थों (स्मैक-गांजा) से जुड़ा एक वीडियो भी कमिश्नर को भेजा था।पूरी खबर पढ़ें 2. परिवार के घर से 60 लाख की चोरी इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक दंपति के घर से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दंपति वैष्णोदेवी यात्रा पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर से करीब 25 लाख रुपए के सोने के आभूषण और 35 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी सोमवार को घर लौटने पर सामने आई।पूरी खबर पढ़ें 3. पार्षद सुनीता बोलीं-वाट्सऐप पर हो जाता है निराकरण इंदौर के हर वार्ड में क्या सच में विकास हो रहा है और जनता उसे कैसे देखती है इसी का जवाब तलाशने के लिए दैनिक भास्कर ने खास सीरीज ‘वार्ड टॉक’ शुरू की है। इसमें हम पार्षदों के दावों के साथ जनता की राय, अधूरे काम और आगे की जरूरतों को सामने रखेंगे। आज के एपिसोड में हम वार्ड 25 पहुंचे हैं, जहां से सुनिता संतोष चौखंडे पार्षद हैं। यहां कौन-से काम पूरे हुए, कौन-से बाकी हैं? जनता 10 में से कितने नंबर देती है।पूरी खबर पढ़ें 4. ट्रैफिक पुलिस का हेलमेट के लिए अभियान इंदौर ट्रैफिक पुलिस हेलमेट को लेकर जागरूकता के साथ चालानी कार्रवाई भी कर रही है। सोमवार को सुबह से लेकर रात तक चले अभियान में पुलिस ने बिना हेलमेट चलने वाले 1351 लोगों पर चालानी कार्रवाई की। साथ ही पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।पूरी खबर पढ़ें 5. बस की टक्कर से एक्टिवा सवार की मौत शिप्रा थाना क्षेत्र के मांगलिया टोल के पास सोमवार रात चार्टर्ड बस की टक्कर से एमआईजी निवासी संतोष कुशवाह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कपूरीबाई गंभीर रूप से घायल हैं। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार देवास से इंदौर लौट रहे दंपति की एक्टिवा को बस क्रमांक MP13-P7-290 ने ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी।पूरी खबर पढ़ें 6. अप्रैल से शुरू होगी डिजिटल जनगणना लंबे इंतजार के बाद अब देश की नई जनगणना का बिगुल बज गया है। इंदौर जिले में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक के साथ ही इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार की जनगणना पहले के मुकाबले काफी अलग और हाईटेक होने वाली है। अक्सर जनगणना के समय कर्मचारियों के घर आने पर जानकारी देने में समय लगता है, लेकिन इस बार सरकार आपको स्व-गणना की सुविधा दे रही है।पूरी खबर पढ़ें 7. दो मामलों ने बढ़ाई चिंता, छेड़छाड़ के मामले दर्ज इंदौर में महिलाओं और नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। एक मामला अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र का है, जहां कोचिंग टीचर पर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप है, जबकि दूसरा मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र में पूजा के बहाने महिला से आपत्तिजनक हरकत करने का है।पूरी खबर पढ़ें 8.बांक टाडा क्षेत्र में बदमाश पकड़ाए इंदौर के लसूडिया क्षेत्र में 24 जनवरी की रात बदमाशों ने एक व्यवसायी के बंगले में घुसकर चोरी का प्रयास किया था। व्यापारी की पत्नी के चिल्लाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के दौरान सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच करते हुए बांक टांडा क्षेत्र में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पूरी खबर पढ़ें 9. 1 अप्रैल से शुरू होंगी पीजी चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर कोर्सेज के लिए परीक्षा की तैयारी कर ली है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने एमए, एमकॉम, एमएससी और एमबीए सहित डेढ़ दर्जन से ज्यादा कोर्सेज का टाइम टेबल जारी कर दिया है। चौथे सेमेस्टर की ये परीक्षाएं 1 अप्रैल से शुरू होंगी और महज 20 दिनों के भीतर संपन्न करा ली जाएंगी।पूरी खबर पढ़ें 10. इंदौर में बारिश का ट्रेंड नहीं फरवरी में इंदौर में बारिश होने का ट्रेंड नहीं है। 2014 और 2015 में बूंदाबांदी जरूर हुई थी। दूसरी ओर दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार ही रहता है। 2019 में तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया था। यहां रात में पारा 10 डिग्री के नीचे रहता है।पूरी खबर पढ़ें


