दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र से डेढ़ महीने पहले अपहृत हुई एक नाबालिग छात्रा को खोजने की मांग को लेकर मंगलवार को ब्राह्मण समाज ने एडिशनल एसपी को ज्ञापन सौंपा। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस तीन दिन के भीतर नाबालिग को बरामद नहीं करती है, तो परिजन मुख्यमंत्री के आगमन पर उनके सामने प्रदर्शन करेंगे। अधिवक्ता मनीष नगाइच ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले ब्राह्मण समाज की कक्षा 10वीं की एक छात्रा का अपहरण गांव के ही कुछ लोगों ने कर लिया था। इस मामले की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। हालांकि, दमोह पुलिस अभी तक छात्रा को बरामद नहीं कर पाई है। पीड़ित परिजनों ने पुलिस को तमाम साक्ष्य और मोबाइल नंबर भी सौंपे थे, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक दमोह के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें आगामी तीन दिवस में बालिका को बरामद करने की बात कही गई। ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष मुकेश पांडेय और मनीष नगाइच ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा नाबालिग की बरामदगी के लिए कोई खास प्रयास नहीं किए गए। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से इस गंभीर मामले में दो टीमें गठित करने और सायबर एक्सपर्ट को तलाशी में लगाने का आग्रह किया। पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि जल्द ही एक टीम का गठन किया जाएगा और सायबर टीम को ट्रेसिंग पर लगाने का कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया गया है।


