कटनी के झिंझरी पुलिस लाइन ग्राउंड में 13 फरवरी से भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय मुख्यालय के तत्वावधान में यह रैली होगी, जिसमें 15 जिलों के युवा भाग लेंगे। इस भर्ती रैली में कटनी सहित कुल 15 जिलों के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। प्रतिदिन लगभग 700 से 800 युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। इसके माध्यम से अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क और ट्रेड्समैन जैसे विभिन्न पदों के लिए चयन किया जाएगा। रैली के दौरान महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण भी होगा। भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, सभी आवश्यक दस्तावेज और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर, 13 से 28 फरवरी तक प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के ऑनलाइन सत्यापन के लिए तीन स्तरों पर शासकीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला प्रशासन ने भर्ती रैली को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर आशीष तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। युवाओं की बड़ी संख्या को देखते हुए यातायात प्रबंधन, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर निगम को चलित शौचालय, पेयजल टैंकर और पर्याप्त सफाई कर्मी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने भी पुलिस लाइन पहुंचकर अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने इस भर्ती रैली को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने का दावा किया है।


