उज्जैन के शंकरपुर क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे रहवासियों ने मंगलवार दोपहर चक्काजाम कर दिया। मक्सी रोड पर हुए प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित हुआ। निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र के नलों में कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को खासी परेशानी हो रही है। उन्हें दूर-दराज के इलाकों से पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है। चक्काजाम के कारण मक्सी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भी असुविधा हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि नियमित जल आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे अपना आंदोलन और उग्र करेंगे। मामले में जल कार्य प्रभारी प्रकाश शर्मा ने बताया कि दो साल पहले शंकरपुर क्षेत्र में दो पानी की टंकियों के लिए भूमि पूजन किया गया था और काम भी शुरू हो गया था। हालांकि, अधिकारियों और ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका। शर्मा ने आगे बताया कि संबंधित कंपनी बैंक गारंटी में डिफॉल्ट कर गई थी, जिसके बाद आयुक्त स्तर से ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का प्रस्ताव आया। यह ठेका करीब 32 करोड़ रुपए का था, जो अहमदाबाद की तीर्थ गोपिकान कंपनी को दिया गया था। उन्होंने स्वीकार किया कि काम अत्यंत आवश्यक है और निरस्त ठेके के बाद दोबारा निविदा निकालकर शेष कार्य जल्द पूरा किया जाना चाहिए, लेकिन प्रस्ताव को चार महीने बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।


