सारणी में लाखों की चोरी के 5 आरोपी गिरफ्तार:मुख्य आरोपी रायसेन का निगरानी बदमाश, एक पर हत्या का केस दर्ज

बैतूल की सारणी पुलिस ने लाखों की चोरी का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और चोरी में प्रयुक्त बाइक सहित करीब 7.50 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में की गई। जेवर, नकदी और बाइक जब्त थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती ने बताया कि 2 फरवरी को सतीश धुर्वे (निवासी सतपुड़ा आईटीआई के पास, सारणी) ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 1 फरवरी की रात उनके सूने घर से अज्ञात चोर सोने-चांदी के गहने और 1.05 लाख रुपए नकद चुरा ले गए थे। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर घर के अंदर दिखाई दिए थे। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने पूछताछ के दौरान नर्मदापुरम निवासी अनुराग पस्तारिया से मिले सुराग के आधार पर कार्रवाई की। मंडीदीप से मुख्य आरोपी कासिफ उर्फ सोहेल खान और प्रवीण लांजीवार को पकड़ा गया। इनकी निशानदेही पर प्रवीण की मां चंद्रकला लांजीवार और सहयोगी यूसुफ उर्फ बिट्टू खान को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से सोने के हार, कंगन, झुमके, चांदी की पायल, कमरबंद, सिक्के, मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की गईं। गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीण उर्फ अन्ना लांजीवार (27, मंडीदीप), कासिफ उर्फ सोहेल खान (30, रायसेन), अनुराग पस्तारिया (53, नर्मदापुरम), यूसुफ उर्फ बिट्टू खान (39, नर्मदापुरम) और चंद्रकला लांजीवार (50, मंडीदीप) शामिल हैं। जांच अधिकारी नितिन उईके के अनुसार, कासिफ रायसेन का गुंडा निगरानी बदमाश है, जिस पर एक गिरफ्तारी और तीन स्थायी वारंट लंबित हैं। यूसुफ पर 42 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि अनुराग हत्या के एक मामले में आरोपी है। फरियादी सतीश धुर्वे जिला अस्पताल बैतूल में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। इस कार्रवाई में निरीक्षक आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक मनोज उईके, नितिन उईके, प्रआर श्रीराम उईके, आरक्षक सुभाष मंडलोई, राकेश करपे, मोहित भाटी, रवि मोहन दरसिमा, लक्ष्मी कश्यप और सायबर सेल के आरक्षक राजेंद्र, दीपेंद्र, बलराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *