पंजाब दिनभर,10 बड़ी खबरें:आप MLA बोलीं- धौण ते गोड्‌डा रख जित्तांगे; ढाई करोड़ की घड़ी पर ट्रोलिंग; निहंग भगोड़ा करार; मां बोली- लाश दिखाओ

नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर आम आदमी पार्टी की महिला MLA के चर्चित बयान की रही, जिसमें उन्होंने कहा कि धौण ते गोड्‌डा रख 117 सीटां जित्तांगे। इसके अलावा तरनतारन में लॉ स्टूडेंट की गोली मारकर कत्ल किए जाने के मामले में उसकी मां ने खुलासे किए हैं। मां का कहना है कि बेटी ने प्रपोज-डे पर प्रपोजल ठुकराया था। इसकी सजा उसे मिली। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. AAP की महिला MLA बोलीं- धौण ते गोड्‌डा रख 117 सीटां जित्तांगे जालंधर के नकोदर से AAP विधायक इंद्रजीत कौर मान एक बयान को लेकर विवादों में घिर गई हैं। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विधायक का वीडियो शेयर कर लिखा कि यह आम आदमी पार्टी सरकार का अहंकार है। इंद्रजीत कौर मान सोमवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुई थीं। यहां इंद्रजीत ने कहा कि पहले हमने 92 सीटें जीती थीं। अब 117 सीटें गर्दन पर घुटना रखकर जीतकर दिखाएंगे। (पढे़ं पूरी खबर) 2. जालंधर में कब्जा हटाया तो टंकी पर चढ़े लोग जालंधर शहर के लतीफपुरा में 3 साल बाद फिर माहौल तनावपूर्ण बन गया। सोमवार और मंगलवार की रात ढाई बजे पुलिस बल ने कब्जाधारियों को उठा दिया। उनके टेंट हटा दिए। लगभग 7 घंटे चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने जमीन खाली करवा ली। जालंधर प्रशासन की कार्रवाई से गुस्साए लोग दोपहर 12 बजे के बाद बूटा मंडी में वाटर सप्लाई की टंकी पर चढ़ गए। लोगों ने टंकी पर चढ़ने के बाद पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान धूप में एक महिला को चक्कर आ गया। (पढ़ें पूरी खबर) 3. बाइकों पर आए बदमाशों ने मजदूरों को गोलियां मारीं मोगा में दिनदहाड़े फायरिंग हुई। यहां बदमाश बाइक पर आए और मजदूरों पर फायरिंग कर दी। एक को 3 और दूसरे को एक गोली लगी। वारदात के बाद बदमाशों ने इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फायरिंग की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ली। उन्होंने लिखा कि हमारा गुस्सा उन लोगों के खिलाफ है, जो पंजाब को अपने बाप की जायदाद समझ लेते हैं और पंजाब का माहौल खराब करते हैं (पढ़ें पूरी खबर) 4. इन्फ्लुएंसर कंचन भाभी की हत्या का आरोपी भगोड़ा करार बठिंडा कोर्ट ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल भाभी मर्डर केस के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर (PO) यानी भगोड़ा घोषित कर दिया है। इस फैसले से पुलिस को इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाने में सहायता मिलेगी। डीएसपी सरबजीत सिंह बराड़ ने इसकी पुष्टि की। मेहरों ने बहाने से कमल भाभी को बुलाकर बठिंडा में उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद वह दुबई भाग गया था। (पढ़ें पूरी खबर) 5. मां बोली- आरोपी की लाश दिखाओ, तभी अंतिम संस्कार होगा तरनतारन के लॉ कॉलेज में छात्रा संदीप कौर की हत्या करने वाले छात्र की लाश देखे बगैर परिवार ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया है। छात्रा की मां ने कहा कि अभी तक हमें ये नहीं बताया गया कि आरोपी प्रिंस की मौत हो चुकी है या फिर उसका इलाज चल रहा है। वहीं मां ने ये भी दावा किया कि आरोपी ने इस वेलेंटाइन वीक में 8 फरवरी को प्रपोज डे पर प्रिंस ने संदीप को प्रपोज किया था, लेकिन संदीप ने इनकार कर दिया। मेरी बेटी अपने पिता की इज्जत और मान-सम्मान बनाए रखना चाहती थी। (पढ़ें पूरी खबर) 6. मैच में गोलीबारी, 3 घायल, 7 साल के बच्चे की आंख में छर्रा लगा तरनतारन में वॉलीबॉल मैच खेलने को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हुई। इस घटना में 7 साल के बच्चे और एक महिला समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल ने बताया कि वॉलीबॉल नेट पर खेलने को लेकर गांव के ही युवकों से झगड़ा हो गया था। इसके बाद उन्होंने घर आकर गाली-गलौज की और गोली चला दी। (पढ़ें पूरी खबर) 7. दिल्ली ब्लास्ट के दोषी भुल्लर की रिहाई की अपील खारिज 1993 के दिल्ली ब्लास्ट केस के दोषी प्रोफेसर दविंदरपाल सिंह भुल्लर की दयापूर्ण रिहाई की अपील वाली फाइल को रिजेक्ट कर दिया गया है। दिल्ली सरकार के सजा समीक्षा बोर्ड ने यह फैसले 23 दिसंबर 2025 को लिया था। अब इस केस की अगली तारीख 13 फरवरी रखी गई है। उम्रकैद के मामलों में 51 केसों पर विचार करने के लिए बैठक रखी गई थी। सजा समीक्षा बोर्ड ने प्रो. भुल्लर सहित 25 दोषियों की रिहाई की फाइल को रद्द किया है। भुल्लर इस समय अमृतसर के गुरु नानक अस्पताल में उपचारधीन है। (पढ़ें पूरी खबर) 8. अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर ट्रक से टकराई कार, 3 स्टूडेंट की मौत अमृतसर दिल्ली हाईवे पर गोराया के पास ओवरस्पीड कार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरे लेन पर आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार 3 युवकों की मौके पर मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर गोराया की पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि युवक जालंधर साइड से लुधियाना जा रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि टोयोटा कार के परखच्चे उड़ गए। (पढ़ें पूरी खबर) 9. पंजाबी मूल का ‘वीजा किंग’ कनाडा में लग्जरी शो-ऑफ कर फंसा कनाडा के ब्रैम्पटन में पंजाबी मूल का वीजा किंग चन्नी भाई विवादों में घिर गया है। उसके लग्जरी लाइफ के शो ऑफ पर कनाडाई लोगों ने आपत्ति जाहिर की। कनाडा के गारंटीड वीजा के दावे और हाथ में ढाई करोड़ की घड़ी के चलते स्थानीय लोगों ने पुलिस से शिकायत की है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई। वीजा किंग पंजाबी मूल के लोगों को बड़ी संख्या में वीजा दिलाने का दावा करता है। (पढे़ं पूरी खबर) खबर हटके… 10. CCTV से रेकी कर घर में चोरी करता युवक दबोचा फाजिल्का जिले के जलालाबाद की बाग कॉलोनी में चोरी करने से पहले ही लोगों ने चोर को पकड़ लिया। यह चोर पिछले 2 दिन से लगातार घर से बर्तन, पंखे व अन्य सामान चुरा कर ले जा रहा था। इसकी जानकारी घरवालों को हो गई। उन्होंने CCTV में देखकर चोर को पहचाना और रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई। जब तीसरे दिन भी चोर घर में घुसा तो उसे दबोच लिया। इसके बाद आरोपी बेहोश होने का ड्रामा करने लगा। हालांकि, लोगों ने उसे पुलिस को सौंप दिया। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *