हनुमानगढ़ में आवारा श्वानों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे नागरिकों में भय का माहौल है। इस गंभीर समस्या को लेकर राष्ट्रीय युवक परिषद ने मंगलवार को नगर परिषद प्रशासक और एडीएम को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने प्रशासन से तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। परिषद के जिलाध्यक्ष और संभागीय प्रभारी प्रवीण जैन ने बताया कि शहर के कई इलाकों में आवारा श्वानों के झुंड दिन-रात घूमते रहते हैं। ये श्वान राहगीरों पर हमला कर रहे हैं, जिससे लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक है। इसके अलावा, वाहन सवारों के पीछे श्वानों के दौड़ने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। ज्ञापन में राष्ट्रीय युवक परिषद ने कई क्षेत्रों को अत्यधिक प्रभावित बताया है। इनमें जंक्शन क्षेत्र में सूरतगढ़ रोड, राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के पास की गलियां, नगीना मार्ग, गांधीनगर, मोदी किरयाना स्टोर के आसपास, चूना फाटक, क्राउन सिटी कॉलोनी, झूलेलाल मंदिर क्षेत्र, हाउसिंग बोर्ड में सुरेन्द्र बैद के घर के पास, सुरेशिया क्षेत्र और सेक्टर-6 के आसपास के इलाके शामिल हैं। टाउन में किले के सामने का मोहल्ला भी प्रभावित है। परिषद के अनुसार, इन क्षेत्रों में शाम होते ही आवारा श्वानों का आतंक बढ़ जाता है। परिषद ने 5 फरवरी की रात करीब 12:30 बजे हुई एक घटना का भी जिक्र किया। सूरतगढ़ रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास आवारा श्वानों ने एक राहगीर और उसके बच्चे पर हमला कर दिया था। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में गहरा रोष और भय का माहौल है। राष्ट्रीय युवक परिषद ने नगर परिषद प्रशासन से आवारा श्वानों की धरपकड़, नसबंदी और उनकी निगरानी के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की है। इसका उद्देश्य आमजन को राहत प्रदान करना और शहर में सुरक्षा का माहौल स्थापित करना है। ज्ञापन सौंपते समय कुरड़ाराम, दिनेश शर्मा, रामचंद्र, वीरेंद्र जैन, मितेश स्वामी, रणजीत शर्मा, सचिन त्यागी सहित परिषद के कई सदस्य मौजूद थे।


