भास्कर न्यूज | राजनांदगांव पंडित किशोरी लाल शुक्ला उद्यानिकी कॉलेज एवं अनुसंधान केन्द्र के क्लास रूम से खेतों तक पहुंचे। चतुर्थ वर्ष प्रथम सेमेस्टर के लगभग 100 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने व्यावहारिक ज्ञान की तरफ अपना कदम बढ़ाया है। उद्यानिकी कार्य अनुभव राहें कार्यक्रम के तहत विभिन्न शैक्षणिक, अनुसंधान और व्यावसायिक संस्थानों तथा प्रक्षेत्रों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जा रहा है। भ्रमण कार्यक्रम डॉ. यूबी देशमुख डीन के मार्गदर्शन में और डॉ. संगीता चंद्राकर कार्यक्रम समन्वयक की अगुवाई में हुआ। विद्यार्थियों ने पं. शिव कुमार शास्त्री कृषि कॉलेज व अनुसंधान केन्द्र सुरगी का भ्रमण किया। डॉ. वर्षा सहायक प्राध्यापक, डॉ. आशीष कुमार अनंत, डॉ. युगल किशोर ने उद्यानिकी और कृषि से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्हें आधुनिक कृषि एवं उद्यानिकी तकनीकों, नवीन अनुसंधान गतिविधियों तथा कृषकों के लिए संचालित प्रशिक्षण की जानकारी दी गई। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक उद्यानिकी तकनीकों से अवगत कराना, व्यावहारिक प्रशिक्षण, रोजगार, उद्यमिता की संभावनाओं से परिचित कराना रहा। छात्रों ने मसाला प्रोसेसिंग यूनिट का भ्रमण किया विद्यार्थियों ने एपी मसाला प्रोसेसिंग यूनिट का भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को मसालों के प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं गुणवत्ता नियंत्रण की व्यावहारिक जानकारी देना था। छात्रों को कच्चे मसालों की सफाई, सुखाने, पीसने, मिश्रण करने तथा आधुनिक मशीनों द्वारा पैकेजिंग की प्रक्रिया बताई। यूनिट के तकनीकी विशेषज्ञों और कॉलेज के शिक्षक डॉ. वर्षा सहायक प्राध्यापाक, डॉ. युगल किशोर एवं डॉ. आशीष अनंत ने मसाला उद्योग में उपयोग होने वाली नवीन तकनीकों, स्वच्छता मानकों और विपणन की जानकारी दी।


