खैरथल तिजारा जिले के टपूकड़ा कस्बे में चौहान इलेक्ट्रिकल्स दुकान से दिनदहाड़े करीब 30 हजार रुपए की नकदी चोरी हो गई। यह घटना सोमवार दोपहर लगभग 4:15 बजे हुई और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकान मालिक सुरेश कुमार ने टपूकड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दुकानदार के बाहर जाते ही की चोरी सुरेश कुमार ने अपनी शिकायत में बताया- सोमवार दोपहर एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया। उसने सामान देखने का बहाना बनाया। इसी दौरान दुकान मालिक किसी काम से एक मिनट के लिए बाहर गए। युवक ने इस मौके का फायदा उठाया और गल्ले से नकदी निकाल ली। लगभग 30 सेकंड में वह दुकान से फरार हो गया। सीसीटीवी में कैद युवक की करतूत जब दुकानदार वापस लौटे, तो उन्हें गल्ले से नकदी गायब मिली। उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें चोरी की पूरी वारदात स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई थी। फुटेज में युवक को चालाकी से नकदी चुराते और बिना कुछ खरीदे भागते हुए देखा जा सकता है। दुकान मालिक सुरेश कुमार की लिखित शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने टपूकड़ा जैसे बड़े कस्बे में बढ़ती ऐसी घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है, जिससे दुकानदारों में भय का माहौल है।


