हनुमानगढ़ में जिला मुख्यालय पर वाहन फिटनेस जांच केंद्र खोलने की मांग की गई है। इस संबंध में आम आदमी पार्टी (आप) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने परिवहन आयुक्त, राजस्थान सरकार के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन परिवहन विभाग के अधिकारियों के माध्यम से भेजा गया। आप जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने बताया कि पहले निजी और व्यावसायिक चारपहिया वाहनों की फिटनेस जांच राज्य सरकार द्वारा अधिकृत निजी फिटनेस सेंटरों के माध्यम से होती थी। बाद में इन निजी सेंटरों को बंद कर दिया गया और जिला परिवहन कार्यालयों में सरकारी स्तर पर फिटनेस जांच की व्यवस्था शुरू की गई। हाल ही में इस व्यवस्था को भी समाप्त कर दिया गया है, जिससे वाहन मालिकों की परेशानी बढ़ गई है। बेनीवाल के अनुसार, वर्तमान में हनुमानगढ़ जिले के वाहन मालिकों को फिटनेस प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए नोखा स्थित ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) जाना पड़ता है। हनुमानगढ़ से नोखा की दूरी लगभग 260 किलोमीटर है, जिससे वाहन मालिकों को समय, श्रम और धन का भारी नुकसान हो रहा है। लंबी दूरी तय करने से ईंधन का खर्च बढ़ता है और सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम भी बना रहता है। आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि प्रत्येक जिला मुख्यालय पर पूर्व की तरह फिटनेस जांच की व्यवस्था फिर से शुरू की जाए। उन्होंने हनुमानगढ़ में ही फिटनेस जांच केंद्र खोलने की अपील की, ताकि वाहन मालिकों को राहत मिल सके और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके।
ज्ञापन सौंपते समय राजवीर माली, राजकुमार गर्ग, गोपाल मेघवाल, जयपाल स्वामी, ओमप्रकाश शर्मा, नरेश कुमार, हैप्पी, कमल कुमार, लीलाधर, सुभाष चंद्र, सुखविंद्र सिंह और विपिन कुमार सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।


