बालोतरा में मंत्री कुमावत ने किया विकास कार्यों का शिलान्यास:नई ग्राम पंचायत जोराणियों की ढाणी के नए भवन निर्माण का भूमि पूजन किया, खोखसर गांव में स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण

पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री और बालोतरा जिला प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने जिले के एक दिवसीय दौरे पर कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने नई ग्राम पंचायत जोराणियों की ढाणी के नए भवन निर्माण का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री कुमावत ने कहा- ग्राम पंचायतें ग्राम विकास की पहली सीढ़ी होती हैं। उन्होंने जोर दिया कि देश के विकास का मार्ग गांवों से होकर गुजरता है और ग्राम पंचायतें ही गांवों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति का एकमात्र केंद्र हैं। कई गांवों में बनाए गए ग्राम पंचायतों के भवन- मंत्री कुमावत उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार विकास की गति तेज कर रही है। इसी क्रम में विभिन्न नवसृजित ग्राम पंचायतों के नए भवनों का शिलान्यास किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाना और स्थानीय सुशासन को मजबूत करना है। आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे नए भवन- मंत्री कुमावत इन नए भवनों में कार्यालय, मीटिंग हॉल और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मंत्री कुमावत ने कहा- इसका लक्ष्य ग्रामीण नागरिकों को सुशासन, डिजिटल सेवा (ई-ग्राम), पानी और बेहतर बुनियादी ढांचे के साथ पंचायत भवन उपलब्ध कराना है। नवसृजित पंचायतों के निर्माण से स्थानीय स्तर पर विकास और प्रशासनिक विकेंद्रीकरण को गति मिलेगी। खोखसर गांव में स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण अपने दौरे के दौरान, प्रभारी मंत्री ने बायतू विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खोखसर में राजकीय स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन का भी रिबन काटकर और पटिटका से पर्दा हटाकर लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने पौधारोपण भी किया। ग्रामीणों ने इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं- मंत्री कुमावत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कुमावत ने कहा- राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यह नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके पास ही प्रदान करेगा, जिससे उन्हें उपचार के लिए दूर के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *