कशिश व्यास ने बैडमिंटन महिला वर्ग जीता:बार बेंच खेलकूद प्रतियोगिता में न्यायिक कर्मचारियों व वकीलों ने लिया भाग

धौलपुर में बार बेंच खेलकूद प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को महिला वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें न्यायिक कर्मचारियों और वकीलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बेंच की ओर से कशिश व्यास विजेता रहीं, जबकि बार की प्रतिमा एडवोकेट उपविजेता बनीं। अभिभाषक संघ के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि इस खेल सप्ताह का उद्देश्य वकीलों के मानसिक तनाव को कम करना है। शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से वकीलों, न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच सामंजस्य स्थापित होता है। इससे न्यायिक कार्य क्षमता बढ़ती है, जिसका लाभ पीड़ितों को मिलता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि लगातार काम करने से दिमाग शून्य हो जाता है, ऐसे में खेल शरीर को स्फूर्ति और शारीरिक क्षमता में वृद्धि प्रदान करते हैं। बैडमिंटन कोच मोहम्मद जाकिर हुसैन ने खिलाड़ियों को नियमों की जानकारी दी और उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में एक दर्जन से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर अभिभाषक संघ के महासचिव अरविंद सिंह गुर्जर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश त्यागी, उपाध्यक्ष हेमंत पचौरी, संयुक्त सचिव ब्रजेश सिंह बघेला, कोषाध्यक्ष विनय शर्मा, पुस्तकालय सचिव प्रशांत बघेल और ऑडिटर विवेक व्यास सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मोहम्मद जाकिर हुसैन, विमल शर्मा, रवि मोहन त्रिवेदी, पूजा नरसल, शांति और सौरभ गुर्जर शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *