भोपाल के रचना नगर स्थित साईं बाबा चार मंदिर प्रांगण में संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। यह आयोजन 10 से 16 फरवरी तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन कथा का वाचन कथावाचक डॉ. भावना भुवनेश्वरी देवी द्वारा किया जा रहा है। पहले दिन कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी पहुंचे। आयोजन की शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई। इसके बाद कथा के प्रथम प्रसंग में डॉ. भावना भुवनेश्वरी देवी ने श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से जीवन को सरल और सार्थक बनाने के सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में यदि व्यक्ति कुछ समय निकालकर कथा-श्रवण और आत्मचिंतन करता है, तो उसका जीवन स्वतः ही सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने लगता है। कथावाचक ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन प्रबंधन की संपूर्ण पाठशाला है, जो मन को शांति, विचारों को स्थिरता और कर्मों को सही दिशा प्रदान करती है। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और संगीतमय प्रस्तुतियों के साथ कथा का आनंद लिया। आयोजन समिति के अनुसार, आने वाले दिनों में कथा में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।


