उदयपुर रेलवे सिटी स्टेशन मैन रोड पर नटराज होटल के बाहर बीती देर रात एक टूरिस्ट पर कुछ बदमाशों ने लूट की नियत से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के मुंह पर पत्थर मारा, जिससे उसका होट फट गया और दो दांत टूट गए। चेहरा खून से सन गया। घायल ने तुरंत फोन से पुलिस को सूचना दी लेकिन आधे घंटे तक पुलिस नहीं पहुंची। युवक ने खुद ही एंबुलेंस बुलाई और हॉस्पिटल गया। पर्यटन नगरी उदयपुर में रेलवे स्टेशन के बाहर टूरिस्ट के साथ इस तरह की वारदात के बाद कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ये एरिया सूरजपोल थाने में आता है और यहां प्रभावी गश्त नहीं होने से टूरिस्ट के साथ इस तरह की वारदात हो रही हैं। टूरिस्ट बोला-अब कभी उदयपुर नहीं आऊंगा घटना जयपुर निवासी लोकेश के साथ रात करीब 11:30 बजे घटी। जब वह उदयपोल की तरफ से रेलवे स्टेशन की तरफ पैदल आ रहा था। तभी रास्ते में तीन से चार युवकों ने उसे रोका और बात करने के लिए उसका मोबाइल मांगा। लोकेश ने मोबाइल देने से मना किया तो उनमें से एक युवक ने लोकेश के मुंह पर पत्थर मार दिया। जिसके बाद वह घायल अवस्था में जान बचाकर वहां से भागा और स्टेशन पर आकर रुका। लोकेश ने बताया कि उसने कभी नहीं सोचा था कि उदयपुर आने के बाद उसके साथ ऐसा होगा। वह बोला-अब कभी उदयपुर नहीं आऊंगा। रेलवे स्टेशन रोड पर सक्रिय असामाजिक तत्व प्रत्यक्षदर्शी ऑटो ड्राइवर अख्तर खान ने बताया कि मैं स्टेशन के बाहर खड़ा था, तब एक युवक को दौड़ते हुए आते देखा। उनको रोककर पूछा और उनकी मदद करने की कोशिश की। अख्तर ने बताया कि रेलवे स्टेशन रोड पर एक महीने पहले भी बदमाशों ने एक महिला का पर्स लूटा था। एक बार ऑटो पर पथराव हुआ था। इस रोड पर असामाजिक तत्व सक्रिय है। पुलिस प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए।


