कोटा में आरटीओ ऑफिस पर प्रदर्शन:कमर्शियल वाहनों की फिटनेस ठप, वाहन मालिक परेशान

कोटा शहर में पिछले कई दिनों से कमर्शियल वाहनों की फिटनेस जारी नहीं होने से बस, ट्रक, ऑटो, टेंपो सहित अन्य व्यावसायिक वाहन मालिक भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। फिटनेस नहीं होने के कारण जहां एक ओर चालान का डर बना हुआ है, वहीं किसी दुर्घटना की स्थिति में बीमा क्लेम पास नहीं होने की चिंता भी वाहन मालिकों को सता रही है। इस समस्या को लेकर पूर्व पार्षद बृजेश शर्मा नीटू के नेतृत्व में आरटीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रादेशिक परिवहन अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र फिटनेस प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। बृजेश शर्मा नीटू ने जिला परिवहन अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही कोटा में फिटनेस व्यवस्था शुरू नहीं की गई तो पीड़ित वाहन मालिकों को साथ लेकर आरटीओ ऑफिस पर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिन लोगों को फिटनेस कराना जरूरी है, उन्हें लगभग 5 हजार रुपए खर्च कर और डीजल लगाकर झालावाड़ जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे ऑटो चालक और छोटे व्यावसायिक वाहन मालिक इतना खर्च वहन करने की स्थिति में नहीं हैं। समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जनता का आक्रोश फूट सकता है। प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता और वाहन चालक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *