जगदलपुर क्षेत्र बना विद्युत फुटबॉल का नया चैम्पियन:कोरबा पश्चिम का 10 साल का वर्चस्व टूटा

राजनांदगांव में आयोजित ‘पॉवर कंपनीज अंतरक्षेत्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026’ का समापन सोमवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल के मैदान में हुआ। इस रोमांचक फाइनल मुकाबले में जगदलपुर क्षेत्र ने 10 वर्षों से लगातार खिताब जीत रही कोरबा पश्चिम की टीम को 2-1 से हराकर चैम्पियन का गौरव हासिल किया। मैच के शुरुआती हाफ से ही दोनों टीमें आक्रामक दिखीं। जगदलपुर ने पहले हाफ में गोल दागकर कोरबा पश्चिम पर दबाव बनाया। हालांकि, गत विजेता कोरबा पश्चिम ने वापसी करते हुए एक गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। मैच के अंतिम पलों में जगदलपुर के खिलाड़ियों ने निर्णायक गोल कर इतिहास रच दिया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में कोरबा पश्चिम ने अंबिकापुर क्षेत्र को पेनाल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया था। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में जगदलपुर क्षेत्र ने रायपुर क्षेत्र को 1-0 से मात देकर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। क्षेत्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद राजनांदगांव के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन के समापन समारोह में मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने विजेता व उपविजेता टीमों को शील्ड और ट्रॉफी प्रदान की। सेलट ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राजनांदगांव की “खेलधानी” की परंपरा को इन खिलाड़ियों ने अपने कौशल से और समृद्ध किया है। इस दौरान अंतरक्षेत्रीय हॉकी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया, जिसमें कोरबा की टीम विजेता और राजनांदगांव की टीम उपविजेता रही। इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों (कोरबा पूर्व, पश्चिम, मड़वा, बिलासपुर, रायपुर, जगदलपुर, राजनांदगांव, दुर्ग और अंबिकापुर) से 33 बेहतरीन खिलाड़ियों का चयन अखिल भारतीय विद्युत मंडल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त मुख्य अभियंता मंगल तिर्की, अधीक्षण अभियंता एस. कंवर, के.सी. खोटे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी उनकी निष्पक्ष भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *