साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटा शहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। निवेश के नाम पर 3 करोड़ 88 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के छह आरोपियों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 49 हजार रुपये नकद और 7 एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि कोटा निवासी अनिल काला ने 13 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने उन्हें निवेश का झांसा देकर 3.88 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। इस संबंध में साइबर थाना कोटा शहर में मुकदमा दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध खाताधारकों और खातों का संचालन करने वाले व्यक्तियों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न लोगों से बैंक खाते खरीदते थे और टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से विदेश में बैठे साइबर ठगों से ठगी की रकम इन खातों में डलवाते थे। इसके बाद आरोपी अपना कमीशन निकालकर बाकि रकम को यूएसडीटी (क्रिप्टोकरेंसी) में बदलकर विदेशी ठगों को ट्रांसफर कर देते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के कुछ सदस्य विदेश, विशेष रूप से कंबोडिया में सक्रिय साइबर अपराधियों के संपर्क में थे और ठगी की राशि की निकासी कर उन्हें उपलब्ध कराते थे। गिरफ्तार आरोपियों में दानिश खान, विकांत नरुका, अशफाक हुसैन, देवेन्द्र सिंह भाटी, शोकीन काठात और चन्द्रश्याम मीणा शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 4.49 लाख रुपये नकद और 7 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। वहीं आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।


