चित्तौड़गढ़ से सीधे दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थों का सफर:आईआरसीटीसी की भारत गौरव ट्रेन, 12 दिन में कराएगी दक्षिण भारत दर्शन

दक्षिण भारत के मुख्य तीर्थ स्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक सुविधा सामने आई है। जयपुर से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग की विशेष तीर्थ यात्रा कराई जा रही है। यह यात्रा 9 अप्रैल से शुरू होकर 20 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें यात्रियों को 11 रात और 12 दिन का धार्मिक भ्रमण कराया जाएगा। इस यात्रा में एक ही पैकेज के तहत रेल यात्रा, ठहरने, खाने और स्थानीय भ्रमण की पूरी व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को अलग-अलग व्यवस्थाओं की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। चित्तौड़गढ़ स्टेशन से यात्री होंगे शामिल भारत गौरव पर्यटक ट्रेन जयपुर से रवाना होगी और रास्ते में अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और रतलाम स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इन स्टेशनों से यात्री इस ट्रेन में सवार हो सकेंगे। इस विशेष ट्रेन में कुल 780 यात्रियों के बैठने और सोने की व्यवस्था की गई है। यात्रा को इस तरह से तैयार किया गया है कि राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु आसानी से दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थों तक पहुंच सकें और सुरक्षित व आरामदायक यात्रा कर सकें। इन पवित्र स्थलों के होंगे दर्शन इस यात्रा में श्रद्धालुओं को सबसे पहले आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर मंदिर, तिरुपति के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद तमिलनाडु के रामेश्वरम स्थित श्री रामनाथ स्वामी मंदिर ले जाया जाएगा, जो चार धामों में शामिल है। मदुरै में विश्व प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल, गांधी मंडप और सूर्यास्त स्थल का भ्रमण भी शामिल है। यात्रा के अंत में आंध्र प्रदेश के मार्कापुर स्थित मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे, जो बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यात्रा की 11 रात और 12 दिनों की होगी यह पूरी तीर्थ यात्रा 11 रात और 12 दिन की होगी। यात्रियों को ट्रेन में 3एसी श्रेणी में यात्रा कराई जाएगी। यात्रा के दौरान प्रतिदिन नाश्ता, दोपहर का खाना और रात का शाकाहारी खाना पैकेज में शामिल है। विभिन्न स्थानों पर होटल में ठहरने और वॉश एंड चेंज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। तीर्थ स्थलों तक पहुंचने के लिए एसी और नॉन-एसी बसों की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। स्टैंडर्ड और कम्फर्ट श्रेणी में पैकेज होगा यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस यात्रा को दो श्रेणियों में बांटा गया है। स्टैंडर्ड श्रेणी में प्रति व्यक्ति पैकेज मूल्य 31,005 रुपए रखा गया है, जबकि 5 से 11 सा तक के बच्चों के लिए यह 27,905 रुपए है। इस श्रेणी में नॉन-एसी बजट होटलों में ठहरने और नॉन-एसी बसों से भ्रमण कराया जाएगा। कम्फर्ट श्रेणी में प्रति व्यक्ति पैकेज मूल्य 36,320 रुपए है और बच्चों के लिए 32,685 रुपए तय किया गया है। इसमें एसी बजट होटलों में ठहरने और एसी बसों से स्थानीय भ्रमण की सुविधा दी जाएगी। एलटीसी और ईएमआई की भी है सुविधा इस तीर्थ यात्रा में सरकारी कर्मचारियों के लिए एलटीसी की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा आम यात्रियों के लिए ईएमआई की सुविधा भी दी गई है, जिससे यात्री आसान किस्तों में भुगतान कर सकते हैं। ईएमआई की यह सुविधा आईआरसीटीसी पोर्टल पर उपलब्ध सरकारी और गैर-सरकारी बैंकों के माध्यम से ली जा सकती है। इससे मध्यम वर्ग के श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा और भी सुलभ हो जाती है। आईआरसीटीसी कर रहा है यात्रा का संचालन इस पूरी भारत गौरव तीर्थ यात्रा का संचालन इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, जो रेल मंत्रालय के अंतर्गत काम करता है। यह संस्था रेलवे पर्यटन और यात्रियों की सुविधाओं के लिए विशेष पैकेज संचालित करती है। इस यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com पर उपलब्ध है। सीमित सीटों को देखते हुए श्रद्धालुओं से समय रहते बुकिंग कराने की अपील की गई है, ताकि वे इस विशेष दक्षिण भारत तीर्थ यात्रा का लाभ उठा सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *