मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन रायपुर द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रोजेक्ट धड़कन चलाया जा रहा है। इस योजना के तहत जिले के अलग-अलग इलाकों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य बच्चों में जन्म से जुड़ी हृदय बीमारियों की समय पर पहचान कर उनका इलाज कराना है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और सत्य साई हॉस्पिटल के सहयोग से आज कई स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में जांच की गई। आरंग, धरसीवां, अर्बन, अभनपुर और तिल्दा क्षेत्रों में गठित टीमों ने स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विशेष विद्यालयों में बच्चों की स्क्रीनिंग की।
इन सभी शिविरों के माध्यम से आज जिले भर में कुल 1032 बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच की गई। जांच के दौरान जिन बच्चों में समस्या पाई जाएगी, उन्हें आगे इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों के पास भेजा जाएगा, ताकि समय रहते उनका सही उपचार हो सके।


