मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत मंगलवार को सरगुजा जिले में 260 और सूरजपुर जिले में 250 जोड़े परिणय बंधन में बंधे। अंबिकापुर के पीजी कॉलेज हॉकी मैदान में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से जुड़े और नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। प्रदेशभर में हुए कन्या विवाह के आयोजन में 6421 जोड़ों का विवाह हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, महापौर मंजूषा भगत सहित अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री साय एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आनलाइन जुड़कर नव दंपतियों को शुभाशीष दी। विधि विधान से कराया गया सामूहिक विवाह
सामूहिक विवाह समारोह में 192 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न कराया गया। वहीं 68 जोड़ों का विवाह ईसाई परंपरा के अनुसार कराया गया। इसके लिए पृथक व्यवस्थाएं की गई थी। सूरजपुर में 250 जोड़ों का विवाह
सूरजपुर में पूर्व गृहमंत्री राम सेवक पैकरा के मुख्य आतिथ्य में हिंदू, मुस्लिम एवं ईसाई समाज के 250 जोड़ों का सामूहिक विवाह किया गया। कार्यक्रम में अतिथि विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा सहित अन्य अतिथियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया और उनके उज्ज्वल, सुखमय एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि शासन राज्य के कमजोर परिवारों की बेटियों की जिम्मेदारी उठा रहा है ताकि उनके माता पिता को उनकी शादी को लेकर कोई चिंता न रहे। मुख्य अतिथि रामसेवक पैकरा व विधायक भूलन सिंह मरावी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। आयोजन में हिंदू, मुस्लिम एवं ईसाई रीति रिवाज से जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।


