जांजगीर के शिवरीनारायण मेले में हादसा:झूला का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिरा, 6 लोग घायल, 3 गंभीर, बिलासपुर रेफर

जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में आयोजित माघी मेले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां आकाश झूले का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। जिससे झूले की सिटिंग प्लेट उखड़ गई। इस घटना में झूले के पास खड़े और उसमें सवार 6 लोग चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और मेला ड्यूटी पर तैनात पुलिस-प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में मलदा निवासी चंद्रकांता कश्यप (15) और भूमिका कश्यप (21) शामिल हैं। अन्य घायलों की पहचान की जा रही है। सुरक्षा मानकों के पालन के दिए थे निर्देश प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, झूला चलते समय अचानक उसका एक हिस्सा टूटकर नीचे गिरा, जिससे वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। पुलिस के अनुसार, मेला शुरू होने से पहले झूला संचालकों और समिति को सुरक्षा मानकों का पालन करने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। हादसे के बाद अब इस बात की जांच की जा रही है कि झूले का रखरखाव सही ढंग से किया गया था या नहीं। लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि, पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है, तो झूला संचालक और संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने एहतियातन अन्य झूलों की भी जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *