मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत एमसीबी जिले के खड़गवां क्षेत्र के चनवारीडांड स्थित मां महामाया धाम में 189 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह हुआ। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह आयोजन धार्मिक और उत्सवी वातावरण में हुआ। जिसमें हजारों की संख्या में परिजन, बाराती और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मंत्री जायसवाल के साथ अनुविभागीय अधिकारी, स्थानीय सरपंच, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। नवदंपतियों को दिए गए गिफ्ट इस कार्यक्रम के दौरान सभी वर-वधु जोड़ों का पारंपरिक रीति-रिवाजों से विवाह संपन्न कराया गया। विभाग की ओर से हर नवदंपति को 35 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि का चेक, लगभग 15 हजार रुपए की श्रृंगार और गृहस्थी सामग्री उपहार स्वरूप दी गई। सरकार चला रही जनकल्याणकारी योजनाएं- जायसवाल मुख्य अतिथि श्याम बिहारी जायसवाल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेटियों के हित में निरंतर अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष योजना में विवाह के लिए किसी प्रकार की संख्या सीमा निर्धारित नहीं की गई है। मंत्री ने कहा कि जिन पात्र बेटा-बेटियों को विवाह करना है, वे महिला एवं बाल विकास विभाग से संपर्क कर योजना का लाभ ले सकते हैं। विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में सामूहिक विवाह आयोजित किए जा रहे हैं। हेलमेट पहनने की अपील स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, मां महामाया के पावन धाम में सैकड़ों जोड़ों का विवाह होना सौभाग्य की बात है। यह सभी नवदंपतियों के लिए नए जीवन की शुभ शुरुआत है। उन्होंने नवदंपतियों और उपस्थित लोगों से सड़क सुरक्षा को लेकर भी अपील की। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करने का आग्रह किया, क्योंकि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें हेलमेट नहीं पहनने के कारण होती हैं। इस कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने कई नवविवाहित जोड़ों को मंच पर चेक और उपहार सामग्री प्रदान कर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी। इस समारोह का सफल संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग ने किया।


