सीकर जिले के खाटूश्यामजी में मोदी चौक पर पुलिस की ओर से लगाए जा रहे लोहे के गेट को लेकर उपजा विवाद दूसरे दिन मंगलवार को भी शांत नहीं हो सका। पूरे दिन पुलिस प्रशासन और वार्ड वासियों के बीच समझाइश का दौर चलता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद महिलाएं और पुरुष अपनी मांगों पर अड़े रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए DSP राव आनंद कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिहैं। उनके साथ भाजपा नेता पवन पुजारी ने भी वार्ड वासियों से बातचीत कर समझाने का प्रयास किया लेकिन सहमति नहीं बन पाई।
स्थानीय वार्ड वासियों का आरोप है कि थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने अभद्र व्यवहार किया और पुलिस कार्रवाई के दौरान राजकुमार तिलकिया व महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की गई, इसी को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। राजकुमार तिलकिया ने कहा कि मोदी चौक पर पहले से ही 2 गेट लगे हुए हैं और अब तीसरा गेट लगाकर आमजन को कैद करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगें नहीं मानीं तो मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
वार्ड वासियों की प्रमुख मांग है कि थानाधिकारी पवन चौबे को तत्काल बर्खास्त किया जाए। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मोदी चौक के पास सुरक्षा की दृष्टि से लोहे का गेट लगाया जा रहा था लेकिन स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं। फिलहाल डीएसपी आनंद राव ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी है। बुधवार को मामला सुलझने की उम्मीद है।


