खंडवा जिले के ग्राम चिकटीखाल के प्राइमरी स्कूल में टीचर द्वारा तीसरी क्लास की छात्रा के साथ ‘बैड टच’ करने का मामला सामने आया है। मूंदी पुलिस ने 54 वर्षीय आरोपी टीचर बाबूलाल तिलके को मंगलवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई। टीचर पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं, टीचर का कहना है कि बच्ची 3 महीने से स्कूल नहीं आ रही थी, डांटने पर परिजनों ने झूठा आरोप लगा दिया। सीने और सिर पर हाथ फेरने का आरोप 10 वर्षीय छात्रा ने आरोप लगाया कि 7 फरवरी को टीचर ने उसका सीना दबाया और सिर पर हाथ फेरा। छात्रा ने घर जाकर परिजनों को यह बात बताई। इसके बाद सोमवार को परिजन स्कूल पहुंचे और टीचर के साथ मारपीट की। स्कूल में हंगामा होते देख ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सोमवार देर शाम परिजनों ने मूंदी थाने में शिकायत दर्ज कराई। टीचर की सफाई- बच्ची से काम कराते हैं घरवाले आरोपी टीचर बाबूलाल तिलके ने पुलिस को बताया कि आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। छात्रा पिछले 3 महीने से स्कूल नहीं आई थी। जब वह आई तो मैंने उसे पास बुलाकर डांटा और कहा कि रोज स्कूल आना, वरना घर से पीटते हुए लाऊंगा। मैंने उसके घरवालों से भी कहा कि बेटी को स्कूल भेजो, उससे काम मत कराओ। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने ये मनगढ़ंत आरोप लगाए हैं।


