स्वच्छता में सात बार नंबर-1 बने इंदौर शहर के बाद अब जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित पर्यटन स्थलों को जिला प्रशासन ने साफ-स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने का अभियान शुरू किया है। पिछले दिनों हुई समीक्षा बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने इस संबंध में निर्देश दिए थे। इसके बाद 8 पर्यटन स्थलों को पहले चरण में लिया गया है। यहां अभी स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। आगे शौचालय, पार्किंग और पेयजल की व्यवस्था के साथ पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाओं का विस्तार होगा। जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत विकासखंड स्तरीय कर्मचारियों को इसके लिए तैनात किया है। सभी जनपद पंचायतों से कहा गया है कि वे जिले के ऐसे सभी स्थल, जो पर्यटन के रूप में चिह्नित हैं या जहां लोगों की आवाजाही अत्यधिक बनी रहती है, वहां नियमित रूप से पर्याप्त स्वच्छता व मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखें। इन पर्यटन स्थलों पर बढ़ाएंगे सुविधा चोरल डैम, कुशलगढ़, पातालपानी, जानापाव, अंबाझार, महादेव खोदरा (महू), तिंछाफॉल, वाचू पॉइंट में सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पर्यटन स्थलों तक पहुंच मार्ग व आंतरिक साफ सफाई कराई जाएगी।


