सतना जिले के सिंहपुर क्षेत्र में ऑनलाइन कियोस्क संचालक ने एक किसान को सोलर पंप योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठग लिया। कियोस्क संचालक ने किसान के 4 लाख 14 हजार रुपए हड़प लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, सिंहपुर थाना अंतर्गत रैगांव में कियोस्क चलाने वाले देवेंद्र पिता लक्ष्मी शर्मा (38) निवासी नारायणपुर ने मुख्यमंत्री सोलर पंप योजना के नाम पर कृषक जितेंद्र सिंह पिता राजवेंद्र सिंह निवासी डिलौरा को ठग लिया। कियोस्क संचालक देवेंद्र ने योजना के तहत रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन करने और पंप की रकम जमा करने के नाम पर जितेंद्र से अलग-अलग तारीखों में 4 लाख 14 हजार रुपए लिए लेकिन उस रकम में से सिर्फ 5 हजार रुपए ही संबंधित विभाग में जमा किए। इस मामले में दर्ज शिकायत पर जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ थाना में आईपीसी की धारा 420 ,467 ,468 एवं 471 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2018 में जितेंद्र सिंह ने सोलर पंप योजना के तहत कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन देवेंद्र के कियोस्क के माध्यम से कराया था। उसने अक्षय ऊर्जा विभाग के रीवा कार्यालय को जमा की जाने वाले 5 हजार की रकम भी कियोस्क से ही जमा कराई थी। दो वर्ष बाद 2020 में उसने 67 हजार रुपए पंप लगवाने के लिए कियोस्क में जमा करवा लिए। एक कनेक्शन की बात मुकम्मल लगने के बाद जितेंद्र ने अपने पिता राजवेंद्र सिंह, मां देवरती सिंह और भाई राघवेंद्र सिंह के नाम से भी रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 5-5 हजार रुपए जमा किए। कियोस्क संचालक के यह बताने पर कि उसके सभी रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, जितेंद्र ने 10 जून 2020 को 1 लाख 30 हजार रुपए का चेक और 25 जून को 67 हजार रुपये नगद कियोस्क संचालक देवेंद्र शर्मा को दे दिए। देवेंद्र ने चेक बैंक में प्रस्तुत कर उसका भुगतान भी अपने खाते में प्राप्त कर लिया। इन सब पैसों की कियोस्क संचालक ने रसीद भी किसान को दी। ऐसे खुली पोल – पैसे जमा होने के बाद भी जब काफी समय तक कनेक्शन नहीं मिला तो जितेंद्र ने अक्षय ऊर्जा विभाग रीवा में संपर्क किया। विभाग में बताया गया कि विभाग को अब तक सिर्फ 5 हजार रुपए ही जितेंद्र सिंह के नाम के पंजीयन के मिले हैं। राजवेंद्र सिंह के नाम को पोर्टल पर डाला तो गया है, लेकिन राशि जमा नहीं की गई है। जबकि राघवेंद्र और देवरती का नाम पोर्टल में भी दर्ज नहीं है। जितेंद्र ने इसकी शिकायत सिंहपुर थाना पुलिस से की। पुलिस ने जांच के बाद कियोस्क संचालक देवेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


