यूपी के आगरा में सेक्स रैकेट में शामिल होने से मना करने पर बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद किराये पर थार लेकर शव उसमें डाला और दिल्ली से करीब 250 किमी दूर आगरा लाया। फिर यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे शव फेंककर फरार हो गया। गर्लफ्रेंड की लाश 6 फरवरी को मिली थी, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने AI की मदद से उसके चेहरे को री-डेवलप किया। इसके बाद शव की शिनाख्त महोबा की सोनाली (25) के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि वह अपने बॉयफ्रेंड सनी (28) के साथ दिल्ली में लिवइन में रहती थी। इसके बाद पुलिस ने सोमवार को सनी को हिरासत में लिया। पहले उसने बताया कि सोनाली ने फंदे से लटककर आत्महत्या की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर सनी ने कबूल किया कि उसी ने सोनाली का गला दबाकर हत्या की। उसने बताया कि उसकी मां और सौतेले पिता ने भी उसका साथ दिया। वह सोनाली को सेक्स रैकेट में धकेलना चाहता था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी। उसे डर था कि कहीं सोनाली उसके बारे में लोगों और पुलिस को न बता दे, इसी वजह से उसने उसकी हत्या कर दी। अब जानिए पूरा मामला… सोनाली शादी की जिद करती थी डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि सनी ने पूछताछ में बताया कि वह मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है। सनी ने बताया कि कानपुर से उसका परिवार महोबा शिफ्ट हो गया था। वहीं उसकी सोनाली से मुलाकात हुई। हमारी बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद मैं सोनाली को लेकर दिल्ली चला गया। सोनाली और मैं एक साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। सोनाली मुझसे शादी करने की जिद करती थी, मगर मैं शादी नहीं करना चाहता था। मेरी दूसरी गर्लफ्रेंड थी और मैं उसी से शादी करना चाहता था। धमकाती थी-पुलिस को बता दूंगी कि मैं सेक्स रैकेट से जुड़ा हूं सनी ने बताया, “मैं दिल्ली में चल रहे एक सेक्स रैकेट से जुड़ा हुआ था। मैं सोनाली को भी देह व्यापार में धकेलना चाहता था, लेकिन वह ऐसा करने से मना करती थी। सोनाली कई बार धमकी दे चुकी थी कि वह सभी को बता देगी कि मैं सेक्स रैकेट से जुड़ा हूं।” मुझे डर था कि कहीं सोनाली मेरे बारे में सबको न बता दे। इसलिए मैंने बुराड़ी में सोनाली का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद किराये पर एक थार गाड़ी लेकर आया। रात में उसी गाड़ी में सोनाली का शव डालकर उसे ठिकाने लगाने के लिए निकल पड़ा। नदी नहीं मिली तो एक्सप्रेस-वे के किनारे फेंकी लाश सनी ने कहा, “मैंने सोचा था कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर बीच में यमुना नदी पड़ेगी, उसी में शव को फेंक दूंगा। लेकिन मुझे कोई नदी नहीं मिली। ऐसे में मैंने यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे ही शव फेंक दिया।” इसके बाद मैं दिल्ली लौट गया। मुझे लगा कि पुलिस शव की शिनाख्त नहीं कर पाएगी। दिल्ली से पंजाब जाने का प्लान था, लेकिन पुलिस ने पहले ही मुझे पकड़ लिया। सोनाली की 4 साल पहले शादी हो चुकी थी सोनाली के जीजा संतकुमार ने कहा- सोनाली की चार साल पहले शादी हो चुकी थी। शादी के बाद वह सनी से प्यार करने लगी। इसके बाद वह घर छोड़कर चली गई। सनी उससे गलत काम करवाना चाहता था, लेकिन सोनाली यह सब नहीं करना चाहती थी। जब सोनाली ने ऐसा करने से मना किया, तो सनी ने उसकी हत्या कर दी। अब पूरा मामला पढ़िए…. 6 फरवरी को यमुना एक्सप्रेसव पर मिली थी लाश 6 फरवरी को दोपहर में साढ़े 3 बजे बकरी चराने वाले ग्रामीण यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 148 के पास पहुंचे। यहां सौरई गांव के पास नाली में कंबल पड़ा देखा। वहां से बदबू आ रही थी। नजदीक जाकर देखा तो डेडबॉडी पड़ी थी। ग्रामीणों ने एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग कर रहे गार्डों और पुलिस को सूचना दी। करीब 4 बजे डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह और एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार, एसओजी टीम, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंच गए। केस को सुलझाने के लिए AI से मदद ली पुलिस ने शव को नाली से बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आसपास तलाश भी की गई, लेकिन मृतका की पहचान से संबंधित कुछ भी नहीं मिला। पुलिस ने केस को सुलझाने के लिए AI से मदद ली। महिला के चेहरे को AI से रीडेवलप किया। फोटो बनने के बाद सभी थानों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया। 24 घंटे में ही रिजल्ट आने लगे। मरने वाली महिला की पहचान महोबा के सोनाली (25) के रूप में हुई। इसके बाद परिवार के लोगों ने हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड सनी को गिरफ्तार किया। ————— गर्लफ्रेंड की हत्या की, चेहरा बिगाड़कर शव फेंका:आगरा पुलिस ने AI से बनाई तस्वीर, 24 घंटे में हुई पहचान आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर 6 फरवरी को हत्या कर महिला की लाश फेंकी गई थी। हत्या के बाद उसके गले और चेहरे को बिगाड़ दिया गया। पुलिस ने केस को सुलझाने के लिए AI से मदद ली। महिला के चेहरे को AI से रीडेवलप किया। फोटो बनने के बाद सभी थानों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया। पढ़ें पूरी खबर….


