रीवा में चोरों ने अब पुलिस की नाक के नीचे ही वारदात को अंजाम दिया है। बीती रात अति सुरक्षित मानी जाने वाली पुलिस लाइन कॉलोनी से दो आरक्षकों की मोटरसाइकिल चोरी हो गईं। कोतवाली थाने में पदस्थ आरक्षक विक्रम वर्मा और पुलिस लाइन में तैनात आरक्षक पंकज मिश्रा की अपाचे बाइक चोर उड़ा ले गए। इस घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, चोरों ने पुलिस लाइन स्थित रेवांचल कॉलोनी और 158 कॉलोनी को निशाना बनाया। यहां से रात के अंधेरे में आरक्षकों की गाड़ियां चोरी कर ली गईं। सुबह जब आरक्षकों को बाइक चोरी होने का पता चला तो कॉलोनी में हड़कंप मच गया। लोग हैरान हैं कि जब पुलिस लाइन ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों का क्या होगा। CCTV और गेट एंट्री पर सवाल पुलिस लाइन कॉलोनी जैसी हाई-सिक्योरिटी जगह से चोरी होना अपराधियों के बुलंद हौसलों को दर्शाता है। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे, रात की पेट्रोलिंग और गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की भूमिका अब सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रवेश-निकास का रिकॉर्ड ठीक से रखा जाता, तो चोर आसानी से नहीं बच पाते। बिछिया में बढ़ रहीं चोरियां इधर, बिछिया थाना क्षेत्र में भी लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोग दहशत में हैं। नागरिकों का आरोप है कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। क्षेत्र में अनुभवी टीआई की तैनाती की मांग भी उठने लगी है। जल्द गिरफ्तारी का भरोसा फिलहाल बिछिया थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने मामले में जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ में जुटी हुई है।


