भास्कर न्यूज | लातेहार सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत किनामाड़ स्थित सीआरपीएफ कैंप के पास एनएच-39 सड़क पर मंगलवार को कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान पवन यादव पिता सतेंद्र यादव (बोड़ा, सबानो, लातेहार) के रूप में की गई है। वहीं घायल युवक मुकेश यादव पिता सुरेंद्र यादव (कढ़िमा, लातेहार) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक बाइक से लातेहार से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रांची से लातेहार की ओर आ रही एक कार से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि पवन यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल, लातेहार लाया गया, जहां डॉक्टरों ने पवन यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मुकेश यादव को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से कार चालक फरार हो गई है।


