भास्कर न्यूज | चतरा सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर विकास भवन स्थित जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने की। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त एवं विधायक चतरा जनार्दन पासवान, जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रिज किशोर तिवारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया । इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने हमारी जीवनशैली को आसान बनाया है, लेकिन इसके उपयोग में सावधानी और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। शॉर्टकट से पैसे कमाने और विभिन्न तरह के लालच में पड़कर लोग अपनी गाढ़ी कमाई मिनटों में गंवा देते हैं। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं, जिनमें डिजिटल अरेस्ट, अधिक रिटर्न का झांसा देकर निवेश, विभिन्न ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म आदि शामिल हैं।उपायुक्त ने साइबर ठगी से बचाव के लिए सुरक्षित तरीके से वित्तीय लेन-देन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल चार्जिंग, सार्वजनिक वाई-फाई के उपयोग से बचें, अनजान लोगों के साथ बिना जानकारी के लेन-देन न करें; अनजान नंबरों से आने वाले व्हाट्सएप कॉल, वीडियो कॉल व अंतरराष्ट्रीय कॉल रिसीव न करें; तथा स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों की अज्ञानता का फायदा उठाते हैं। यदि साइबर फ्रॉड होता है तो तत्काल 1930 पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं ताकि ट्रांजेक्शन को ब्लॉक किया जा सके। देरी होने पर ‘गोल्डन आवर’ समाप्त हो जाएगा जिससे राशि वापस मिलने की संभावना कम हो जाती है।कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, आधार, पैन या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने,संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने,भुगतान प्राप्त करने के नाम पर क्यूआर कोड स्कैन न करने; ओटीपी या पिन साझा न करने; तथा बैंकिंग ट्रांजेक्शन के दौरान सार्वजनिक वाई-फाई का उपयोग न करने की सलाह दी गई। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सोशल मीडिया, साइबर थ्रेट्स, ऑनलाइन फ्रॉड, डीपफेक, व्हाट्सएप सिक्योरिटी, डिजिटल अरेस्ट सहित अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।कार्यशाला में माननीय विधायक चतरा जनार्दन पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


