जालंधर| इनोसेंट हार्ट्स स्कूल की पांचों शाखाओं- ग्रीन मॉडल टाउन, लोहारा, कैंट-जंडियाला रोड, नूरपुर रोड तथा कपूरथला रोड में बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने जा रहे कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए हवन का आयोजन किया गया। मंत्रोच्चारण से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति से परिपूर्ण हो गया, जिससे चारों ओर सकारात्मकता और भक्ति का भाव व्याप्त हो गया। हवन उपरांत विद्यार्थियों के लिए विशेष काउंसलिंग सेशन आयोजित किए गए, जिनमें विशेषज्ञों द्वारा तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन और प्रभावी अध्ययन तकनीकों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया। इस सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगामी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर शैली बौरी ने विद्यार्थियों को एकाग्र, अनुशासित एवं दृढ़ निश्चयी बने रहने के लिए प्रेरित किया और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया।


