जालंधर| जिले में चल रहे पब्लिक पॉलिसी इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों के प्रदर्शन की समीक्षा डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने इंटर्न्स से सीधे संवाद किया और विभिन्न सरकारी विभागों में कार्य के दौरान उन्हें मिले अनुभवों की जानकारी ली। इस दौरान इंटर्न्स द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रोजेक्ट्स का भी बारीकी से अवलोकन किया गया। डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंटर्नशिप अवधि के दौरान छात्रों को विभागों की ऑफलाइन और ऑनलाइन बैठकों में शामिल किया जाए, ताकि वे सरकारी कार्यप्रणाली को नजदीक से समझ सकें और लोक-कल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के लिए सुझाव दे सकें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में इंटर्नशिप प्रोग्राम का तीसरा बैच चल रहा है। पहले बैच में 60 तथा दूसरे बैच में 40 छात्रों ने भाग लिया था। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनहित योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के साथ-साथ छात्रों के ज्ञान और कौशल का विकास करना है। साथ ही उन्होंने छात्रों का मनोबल भी बढ़ाया। उल्लेखनीय है कि इस समय विभिन्न कॉलेजों व यूनिवर्सिटीज के लगभग 60 छात्रों को तीन माह के लिए अलग-अलग सरकारी विभागों में इंटर्न के रूप में नियुक्त किया गया है।


