अटारी को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करेगी सरकार

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार की ओर से सिख इतिहास के महान योद्धा और जरनैल सरदार शाम सिंह अटारीवाला का 180वां शहीदी दिवस नारायणगढ़ और अटारी में राज्य स्तरीय कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि विधायक जसविंदर सिंह रमदास (अटारी) और डॉ. जसबीर सिंह संधू (अमृतसर पश्चिमी) विशेष अतिथि रहे। इंडिया गेट के समीप स्थित सरदार शाम सिंह अटारीवाला के स्मारक पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, ब्रिगेडियर एसएस जामवाल (कमांडर 54 इन्फेंट्री ब्रिगेड), कर्नल सुमित शर्मा, डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एसडीएम मनकंवल सिंह चाहल समेत प्रशासनिक व सैन्य अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पंजाब पुलिस के जवानों ने हथियार उल्टे कर सम्मान गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। अटारी स्थित सरदार शाम सिंह अटारीवाला की समाधि पर श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद धार्मिक दीवान सजाया गया। श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई गुरजीत सिंह बैंका ने गुरबाणी कीर्तन किया, जबकि भाई गुरप्रीत सिंह भंगू के ढाडी जत्थे ने जरनैल अटारीवाला की वीरता और शहादत की गाथा सुनाई। बड़ी संख्या में संगत और स्थानीय लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे। ईटीओ ने कहा कि सरदार शाम सिंह अटारीवाला सिख कौम के महान जरनैल थे, जिन्होंने एंग्लो-सिख युद्ध के दौरान सभराओ की निर्णायक जंग में अंतिम सांस तक लड़ते हुए शहादत दी। उन्होंने कहा कि उनकी बहादुरी की प्रशंसा अंग्रेजों ने भी की थी। मंत्री ने घोषणा की कि अटारी गांव को नया स्वरूप दिया जाएगा, ताकि वाघा-अटारी बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी देखने आने वाले पर्यटक जरनैल अटारीवाला की समाधि पर भी पहुंचें और नई पीढ़ी को उनके बलिदान से जोड़ सकें। कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कि ‘शहीद किसी भी कौम की सबसे बड़ी धरोहर होते हैं। उन्हें याद रखना हमारा नैतिक और सामाजिक दायित्व है।’ कार्यक्रम के दौरान सरदार शाम सिंह अटारीवाला के परिवार और ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों कर्नल हरिंदर सिंह अटारी, मलविंदर अटारी, बीर इंदर सिंह, हरप्रीत सिंह सिद्धू, बीबा अमितेश्वर कौर, बीबा जसप्रीत कौर, बीबा संदीप कौर समेत कई गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रसिद्ध लेखिका डॉ. कुलविंदर कौर मिन्हास की पुस्तक ‘सिख राज के आखिरी स्तंभ – सरदार शाम सिंह अटारीवाला’ का भी विमोचन किया गया। समारोह में मंत्री की धर्मपत्नी सुरिंदर कौर, पूर्व वायुसेना अधिकारी निर्मल सिंह बेदी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, ग्रामीण नेता, सेना के अधिकारी, स्कूलों के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *