अमनदीप सिंह | अमृतसर उत्तरी हलके के अधीन आते वार्ड-3 के इलाके रणजीत एवेन्यू के ए, बी, सी और डी ब्लॉक में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। कूड़े की नियमित लिफ्टिंग न होने और सड़कों की मरम्मत न किए जाने से क्षेत्रवासी खासे परेशान हैं। लोगों का कहना है कि रणजीत एवेन्यू भले ही शहर का पॉश इलाका माना जाता हो, लेकिन हकीकत में यहां जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। सफाई कर्मचारी प्रॉपर सफाई नहीं करते। ए ब्लॉक की अंदरूनी सड़कों की हालत काफी खराब है। लोगों के अनुसार इन सड़कों की लंबे समय से मरम्मत नहीं हुई, जिससे जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। वहीं बी ब्लॉक में बनाया गया साइकिल ट्रैक अब कूड़े का डंप बनता जा रहा है। गंदगी के कारण लोग इसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे। सी और डी ब्लॉक में भी हालात बेहतर नहीं हैं। यहां भी कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि शहर की सफाई व्यवस्था संभालने वाला नगर निगम और नगर सुधार ट्रस्ट दोनों ही रणजीत एवेन्यू इलाके में स्थित हैं, बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा। पार्षद नवदीप कौर ने कहा कि उन्होंने कई बार नगर निगम और नगर सुधार ट्रस्ट को वार्ड में फैली गंदगी और कूड़ा लिफ्टिंग की समस्या से अवगत कराया है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर लगाए गए थे, जो 50-50 प्रतिशत लैस पर गए हैं, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। उनकी वार्ड के साथ पक्षपात किया जा रहा है। इसके अलावा पिछले तीन-चार वर्षों से वार्ड में डिसिल्टिंग भी नहीं करवाई गई है। वह क्षेत्रवासियों के साथ खड़ी हैं। सुनील अग्रवाल निवासी, ए ब्लॉक ने बताया कि केवल मेन सड़कों पर ही ध्यान दिया जाता है, जबकि अंदरूनी सड़कों की अनदेखी की जाती है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जिन्हें जल्द भरा जाना चाहिए। डॉ. अशोक खुराना निवासी, बी ब्लॉक ने बताया कि रोजाना सफाई कर्मचारी नहीं आते। कई जगहों से सड़कें टूटी हुई हैं, जिन्हें तुरंत ठीक किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। संजय भारद्वाज निवासी, सी ब्लॉक ने बताया कि जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। साइकिल ट्रैक होने के बावजूद गंदगी के कारण लोग उसका इस्तेमाल नहीं कर रहे। नियमित सफाई नहीं होती। ए ब्लॉक में सड़क पर गड्ढे। बी ब्लॉक में साइकिल ट्रैक पर गंदगी। डी ब्लॉक में फुटपाथ पर पड़ा कचरा। बी ब्लॉक में कूड़े का ढेर।


