दंतेवाड़ा| जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम में दंतेवाड़ा जिले ने 12 विधाओं में से 3 विधाओं में प्रथम पुरस्कार हासिल किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजेता कलाकारों और दलों को 50-50 हजार रुपए के चेक एवं स्मृति चिन्ह दिए। जनजातीय नृत्य विधा में गौर माड़िया नृत्य का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर बुधराम सोढ़ी, जिला दंतेवाड़ा, वहीं जनजातीय व्यंजन विधा में ताराबती जिला दंतेवाड़ा तथा जनजातीय गीत विधा में ग्राम पालनार के गायन दल की मगली और उनकी साथियों को पहला स्थान मिला। दंतेवाड़ा के कलाकारों ने जनजातीय गीत, नृत्य और व्यंजन जैसी विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नृत्य, गीत, साहित्य, व्यंजन, पेय पदार्थ, औषधि, वेशभूषा-आभूषण, चित्रकला, वाद्ययंत्र एवं नाटक सहित कुल 12 विधाओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।


