भास्कर न्यूज | जांजगीर जातिगत गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी हेमंत कुमार शर्मा (47 वर्ष), निवासी शिवरीनारायण को थाना अजाक पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय जांजगीर में पेश कर दिया है। घटना 28 दिसंबर की है। पुलिस के अनुसार पीड़ित रवि कुमार गुप्ता अपने साथियों के साथ सीमांकन के बाद भूमि पर सीमेंट का खंभा गाड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी हेमंत कुमार शर्मा अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने सार्वजनिक स्थान पर प्रार्थी को जातिसूचक अश्लील गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और साथियों के साथ मिलकर मारपीट की, जिससे चोट आई। प्रार्थी की शिकायत पर थाना अजाक में अपराध दर्ज किया गया। मामले में आरोपी पर धारा 296, 351(2), 191(2), 191 बीएनएस तथा एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(5क), 3(1)(द)(ध) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। हिरासत में पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय जांजगीर में पेश किया गया, जहां आगे की प्रक्रिया जारी है।


