भास्कर न्यूज़ | भीलवाड़ा नई शिक्षा नीति के तहत बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर देने के उद्देश्य से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मंगलपुरा में भीलवाड़ा जिले की दूसरी खिलौना बैंक की स्थापना की गई। यह पहल अंत्योदय फाउंडेशन मुंबई के सहयोग से एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बापू नगर की शिक्षिका सारिका चतुर्वेदी की प्रेरणा से साकार हुई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक गोपाल लाल वैष्णव ने बताया कि खिलौना बैंक की स्थापना का उद्देश्य बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाना और उन्हें व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ना है। खिलौना बैंक में इलेक्ट्रॉनिक और तकनीकी खिलौनों सहित कई प्रकार के शैक्षणिक साधन उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से बच्चे स्वयं करके सीख सकेंगे। इससे बच्चों की रचनात्मक सोच, समझ और कौशल का विकास होगा। उन्होंने बताया कि इस पहल से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे पढ़ाई को बोझ नहीं, बल्कि आनंद के रूप में लेने लगे हैं। कक्षा का माहौल भी पहले से अधिक सकारात्मक और उत्साहपूर्ण हुआ है। इस अवसर पर स्पर्श वॉलंटियर सारिका चतुर्वेदी द्वारा बच्चों को अच्छे-बुरे स्पर्श और डिजिटल वेल बीइंग की जानकारी भी दी गई। बच्चों को सरल भाषा में सुरक्षा, सतर्कता और सही व्यवहार के बारे में समझाया गया। जिले में खिलौना बैंक की यह पहल बच्चों के शैक्षणिक और मानसिक विकास की दिशा में एक सार्थक प्रयास मानी जा रही है। अंत्योदय फाउंडेशन ने भविष्य में जिले के अन्य विद्यालयों में भी इस तरह के कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।


