भास्कर संवाददाता | बड़वानी सुबह से परीक्षा केंद्र के बाहर पालकों की भीड़ बच्चों को पहुंचाने के लिए लगी मिली। हर परीक्षा केंद्र पर तीन स्तर पर जांच की जा रही थी। इसमें पहले स्तर पर कक्ष क्रमांक के साथ घड़ी व अन्य सामग्री को रखवाया जा रहा था। दूसरे स्तर पर कपड़ों की जांच की जा रही थी। तीसरे स्तर पर जूते मौजे सहित बारीकी से सामग्री की जांच की गई। पहला दिन होने के कारण परीक्षा केंद्र पर विशेष निगरानी रखी गई। जिला में मंगलवार से शुरू हुई बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 12वीं (हायर सेकंडरी) का अंग्रेजी विषय का पेपर हुआ। इसके लिए जिले के 45 परीक्षा केंद्रों पर पर्चा हल किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार परीक्षा के लिए कुल 8,408 छात्र पंजीकृत थे। जिनमें से 8,083 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 325 छात्र अनुपस्थित पाए गए। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। तलाशी (चेकिंग) की व्यवस्था लागू की गई। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पूर्व तक प्रवेश की अनुमति दी गई। बड़वानी जिले में परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और अनुशासित रही। जिसके चलते सामूहिक या व्यक्तिगत नकल का एक भी प्रकरण (निरंक) दर्ज नहीं किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे आगामी दिनों में समय का विशेष ध्यान रखें और निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हो। इस दौरान उड़नदस्ते की टीम ने भी केंद्रों पर निरीक्षण किया।


