डिंपल पंप आरओबी के लिए भूमि हस्तांतरण को स्वीकृति

टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और अनुबंध होने के बावजूद 23 माह से अटका डिंपल पेट्रोल पंप के बाजू वाले आरओबी का निर्माण जल्दी ही शुरू होगा। यहां पर रक्षा विभाग की भूमि होने के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा था। सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। उन्होंने मंत्री को बताया कि यह आरओबी सागर शहर और सदर कैंट क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है, लेकिन रक्षा मंत्रालय की भूमि से जुड़ा मामला होने के कारण परियोजना 23 माह से लंबित है। लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण संभाग सागर द्वारा आरओबी निर्माण कार्य का अनुबंध 3 मार्च 2024 को किया जा चुका है। परंतु परियोजना रक्षा भूमि पर प्रस्तावित होने के कारण भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। न केवल निर्माण कार्य रुका है, बल्कि लागत में बढ़ोतरी की आशंका भी लगातार बनी हुई है। विषय की गंभीरता को समझते हुए रक्षा मंत्री सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और रक्षा भूमि के हस्तांतरण के लिए तुरंत स्वीकृति देने के आदेश जारी कर दिए। गौरतलब है कि रोजाना 50 हजार से अधिक लोग सदर क्षेत्र से कचहरी, विवि, बस स्टैंड, कलेक्ट्रेट, विश्वविद्यालय, कॉलेज, सब्जी मंडी आदि क्षेत्रों में आने-जाने के लिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं। रेलवे स्टेशन के नजदीक होने के कारण अधिकांश समय फाटक बंद रहता है। जिससे लोगों का बहुत समय व ईंधन यहां बर्बाद होता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *