बुरहानपुर जिले में खेतों से क्वाइल चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है। नेपानगर थाना क्षेत्र के सीवल और सांईखेड़ा में हुई दो अलग-अलग वारदातों में अज्ञात चोरों ने डीपी से क्वाइल चुरा ली। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना 1 फरवरी को सीवल निवासी भगवान पिता रामदास राजपूत के खेत में हुई थी। पेट्रोल पंप के आगे स्थित इस खेत से अज्ञात बदमाशों ने दो डीपी से क्वाइल चुराई थी। चोरी हुई क्वाइल की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। डीपी से भी चुराई थी क्वाइल
वहीं, मंगलवार को ही नेपानगर निवासी रघुनाथ पिता रामू पाटील के सांईखेड़ा स्थित खेत से भी डीपी से क्वाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इस चोरी में करीब 40 हजार रुपए की क्वाइल चुराई गई। नेपानगर थाना पुलिस मौके पर जांच के लिए भी पहुंची थी। नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303-2 के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिले में क्वाइल चोरी की घटनाओं से किसान खासे परेशान हैं और उन्होंने जल्द गिरफ्तारी की मांग की।


