हरदा जिले में मंगलवार शाम को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल सात लोग घायल हो गए। पहला हादसा नेशनल हाईवे पर उड़ा के पास हुआ, जहां नागपुर से उज्जैन महाकाल दर्शन करने जा रहे परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वहीं, दूसरा हादसा अबगांव कला के पास हुआ, जिसमें बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, नागपुर निवासी प्रवीण मेश्राम अपनी पत्नी रश्मि, सास वीणा काले, साली कीर्ति और दो बच्चों जस्मीन व श्रीमद के साथ कार से उज्जैन जा रहे थे। वे महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए निकले थे। अचानक सामने आ गई दूसरी कार प्रवीण मेश्राम ने बताया कि जब वे उड़ा के पास हाइवे से गुजर रहे थे, तभी सड़क किनारे बने रास्ते से एक अन्य कार अचानक सामने आ गई। वहां कोई सिग्नल नहीं था। टक्कर लगने से उनकी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि एयरबैग खुलने से सभी की जान बच गई। साली के सीने में चोट, सीटी स्कैन कराया हादसे में कार सवार पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं, प्रवीण की साली कीर्ति के सीने में चोट लगी है। जिला अस्पताल में एक्स-रे के बाद उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है। अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर दूसरा हादसा ग्राम अबगांव कला के पास हुआ। इंदौर से हरदा की ओर आ रहे बाइक सवार युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घायल के पास मिले पहचान पत्र से उसकी पहचान धर्मेंद्र चौहान के रूप में हुई है। सिर में गंभीर चोट, इंदौर में करता है काम धर्मेंद्र के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी है। घायल के छोटे भाई ईश्वर ने बताया कि धर्मेंद्र ग्राम सुहागपुर मनियाखेड़ी का रहने वाला है और इंदौर में होटल लाइन में काम करता है। वह अपने गांव लौट रहा था। धर्मेंद्र की एक छोटी बेटी भी है।


