बैंड-बाजा-बारात से ट्रैफिक रुकने पर ACP ने लिखाई F.I.R.:वैष्णवी लॉन के आगे 75 फीसदी सड़क पर नाच-गाना, बरातियों-घरातियों में हड़कंप

वाराणसी में मंगलवार की आधी रात सड़क घेरकर सड़क पर बारात निकालने और यातायात प्रभावित कराना लॉन संचालक, बैंड बाजा और लाइट मास्टर को महंगा पड़ गया। ट्रैफिक में रुकावट देखकर मौके पर पहुंचे एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने सभी पर एक्शन लिया। तेज आवाज़ में डीजे बजाने एवं वैष्णवी लॉन के आगे 75 प्रतिशत से अधिक रोड कवर करने के आरोप में डीजे, लाइट एवं लॉन वाले के विरुद्ध FIR दर्ज करने का निर्देश दिया। यातायात समस्या उत्पन्न करने पर कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के बाद बरातियों और घरातियों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने इस संबंध में म्यूजिक सिस्टम, बैंड बाजा और बरात घर संचालकों के साथ बैठक में नियमों का पालन करने के निर्देश दिए थे। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार की रात एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार को सूचना मिली कि भिखारीपुर के पास रात 11:30 बजे बारात से ट्रैफिक जाम हो रहा है। बरातियों ने तेज आवाज़ में डीजे बजाने एवं वैष्णवी लॉन के आगे 75 प्रतिशत से अधिक रोड कवर कर रखा है। एसीपी पहुंचे तो बरातियों ने रास्ता साफ किया लेकिन आधे से ज्यादा सड़क पर बैंड बाजा, लाइट और बारात थी। इसके बाद एसीपी ने बरातियों को सड़क खाली करने के लिए कहा और लॉन संचालक को बुलाकर नाराजगी जाहिर की। एसीपी के निर्देश पर चौकी प्रभारी महमूरगंज की तहरीर पर लॉन संचालक, डीजे संचालक व लाइट संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि शादी का सीजन चल रहा है ओर हर इलाके में तमाम बरातें निकलेंगी। इस दौरान सड़क पर जाम लगने से आम जनता को परेशानी होगी तो बैंड बाजा और बरात घर संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसलिए, बैंड बाजा संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे सड़क का 33 फीसद हिस्सा कवर करें, ताकि शेष हिस्से पर ट्रैफिक सुचारु रूप से चल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *