भास्कर न्यूज| रायगड़ा जिले में राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस का जिला स्तरीय शुभारंभ मंगलवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम से किया गया। अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर नवीनचंद्र नायक ने की। इस दौरान यहां मौजूद सभी लोगों को दवा सेवन के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस वर्ष में दो बार फरवरी व अगस्त माह में मनाया जाता है। इसके अंतर्गत 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में कृमिनाशक दवा (एल्बेंडाजोल) दी जाती है। साथ ही विद्यालय से बाहर रहने वाले और अपंजीकृत बच्चे व 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की प्रजनन आयु की महिलाएं (गर्भवती और प्रसूता को छोड़कर) भी आंगनबाड़ी केंद्रों में दवा का सेवन करती हैं। जो बच्चे किसी कारणवश 10 फरवरी को दवा नहीं ले पाते हैं, वे 17 फरवरी को आयोजित ‘मॉप-अप दिवस’ पर दवा का सेवन कर सकते हैं। विद्यालय और आंगनबाड़ी आधारित यह कार्यक्रम पूर्णतः सुरक्षित है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा रही हैं। नियमित रूप से इस कार्यक्रम के संचालन से विद्यालयों में अनुपस्थिति में कमी आती है। बच्चों के लिए स्वस्थ व पोषणयुक्त वातावरण का निर्माण होता है। कृमि संक्रमण से ग्रसित बच्चों में कुपोषण, रक्ताल्पता, थकान, शारीरिक- मानसिक और बौद्धिक विकास में बाधा उत्पन्न होती है। ऐसे में एल्बेंडाजोल दवा संक्रमण नियंत्रण में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रही है। इसी कारण सरकार इस कार्यक्रम को प्राथमिकता दे रही है। इस दौरान सीएमएचओ वी. सरोजिनी देवी, अतिरिक्त जिला जन स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) किशोर कुमार बराही, रुमा महापात्र, प्रदीप्त कुमार सुबुद्धि, शांतीलता मुनी, मीनती देओ आदि मौजूद थे।


